खागा। अब ग्राम पंचायतों के अभिलेखों की डाटा इंट्री पंचायत सहायक करेंगे। ग्राम प्रधानों को इसके लिए ब्लाक तक नहीं आना पड़ेगा। खागा तहसील के चार ब्लाकों की 263 ग्राम पंचायतों में से 241 में सहायकों का चयन हो चुका है। जबकि 22 में चयन होना बाकी है।
ऐरायां ब्लाक की 56 ग्राम पंचायतों में 52 में सहायकों का चयन हुआ है। जबकि सोहदमउ, छीमी, हरदो, ऐलई में चयन नहीं हो सका है। 52 पंचायत सहायकों में 25 महिलाएं हैं। धाता ब्लाक के 68 पंचायतों में 62, विजयीपुर की 64 पंचायतों में से 59 व हथगाम की 75 ग्राम पंचायतों में से 68 में सहायकों का चयन हुआ है।
धाता में 32, विजयीपुर में 28 व हथगाम में 33 महिलाओं का चयन हुआ हैं। बीडीओ मुकेश कुमार ने बताया कि शिकायतों के चलते 22 ग्राम पंचायतों में चयन नहीं हो सका है। जांच पूरी होने के बाद चयन प्रक्रिया होगी। सहायकों से 100 रुपये का अनुबंध पत्र लेकर उन्हें नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। कार्यकाल 11 महीने का होगा और हर साल उनका नवीनीकरण होगा। ग्राम पंचायत निधि से उन्हें छह हजार रुपये प्रति माह मानदेय मिलेगा।