फतेहपुर। बिजली बिल वसूली में तेजी लाने के लिए अधीक्षण अभियंता राकेश कुमार पांडेय ने मीटर रीडरों की परेड कराई और उन्हें लक्ष्य के अनुसार मीटर रीडिंग करके उपभोक्ताओं तक बिजली बिल पहुंचाने के निर्देेश दिए। परेड में 11 अवर अभियंता नहीं आए। अधिशासी अभियंता रामसनेही ने इन्हें नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा है।
बुलेट चौराहा के पास अधिशासी अभियंता कार्यालय में सुबह आठ बजे अधीक्षण अभियंता ने अधिकारियों के साथ मीटर रीडरों की परेड कराई। उन्होंने कहा कि विद्युत वितरण खंड प्रथम में करीब 45 हजार उपभोक्ता हैं। इनकी बिल रीडिंग के लिए 22 मीटर रीडर लगाए गए हैं प्रत्येक मीटर रीडर को महीने में करीब दो हजार उपभोक्ताओं के घर रीडिंग करके बिल पहुंचाने की जिम्मेदारी होती है। विद्युत वितरण खंड प्रथम के 14 अवर अभियंताओं में सिर्फ तीन ही परेड में पहुंचे। इस पर एसई के निर्देश पर अधिशासी अभियंता रामसनेही ने 11 अवर अभियंताओं को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।