चौडगरा। पुलिस ने बक्सर रोड पर चोरी की नीयत से घूम रहे पांच लोगों को शुक्रवार रात गिरफ्तार किया है। इन लोगों के पास से एक वैन, हथौड़ा, दो आरी ब्लेड बरामद किए हैं। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कल्यानपुर थानाक्षेत्र के बक्सर रोड पर प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने गश्त के दौरान बक्सर रोड नहर के पास स्थित शराब ठेके के पीछे झाड़ियों में एक वैन खड़ी देखी। उसमें पांच लोग सवार थे। पूछताछ में इन लोगों ने अपना नाम पंकज पटेल, मोहित पासवान निवासी औंग, वीरेंद्र यादव निवासी खदरा औंग, अभिषेक यादव निवासी पर्वतखेड़ा थाना साढ़ कानपुर नगर, सुधीर निषाद निवासी कुम्हारन डेरा मजरे गुनीर बताया। वैन की तलाशी लेने पर हथौड़ा, आरी ब्लेड के बरामद हुआ। पुलिस इन्हें थाने ले आई। यहां पूछताछ में पता चला कि वैन वीरेंद्र यादव के नाम पर है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि यह लोग रात में कार से घूमते हैं और जहां मौका मिलता है, वहीं चोरी को अंजाम देते हैं। यह लोग क्षेत्र में चोरी को अंजाम देने की नीयत से घूम रहे थे। वीरेंद्र यादव के खिलाफ थाना महाराजपुर कानपुर व औंग में भी चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। पांचों आरोपियों के खिलाफ चोरी के आशय से गैंग बनाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।