बिंदकी। जर्जर चौडगरा-जोनिहां मार्ग की 14 करोड़ की लागत से मरम्मत होगी। लोक निर्माण विभाग ने स्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा है। जल्द स्वीकृत होने की उम्मीद है।
बिंदकी कस्बा, कानपुर, बुंदेलखंड को बांदा-टांडा मार्ग के माध्यम से सीधा जोड़ता है।
कस्बे के मध्य से जाने वाले इस मार्ग से हजारों की संख्या में प्रतिदिन वाहनों का आवागमन होता है। कस्बे के अंदर से भारी संख्या में ओवरलोड ट्रकों के आवागमन से जोनिहां से चौडगरा तक 20 किमी मार्ग पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। धूल के कारण लोगों का सांस लेना भी दूभर हो गया है। इस सड़क पर बने गड्ढों के कारण बाइक सवार आए दिन अनियंत्रित होकर घायल हो जाते हैं।
जर्जर मार्ग की समस्या से लोग त्रस्त हो चुके हैं। ऐसे में सड़क मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग ने 14 करोड़ का स्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा है। पीडब्ल्यूडी के जेई अजीत कुमार ने बताया कि शासन को स्टीमेट भेजा गया है। बजट मिलने पर मरम्मत का काम शुरू करा दिया जाएगा।