बिंदकी। भकियू राष्ट्रीयतावादी गुट ने विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। शुक्रवार को बैठक करने के बाद नारेबाजी करते हुए नगर पालिका के सामने पहुंचे और सड़क जाम कर दी। यूनियन के लोगों ने गांधी चौराहे पर भी जाम लगाया।
शुक्रवार को विभिन्न समस्याओं को लेकर भाकियू राष्ट्रीयतावादी गुट ने नगर के ललौली रोड स्थित फरीदपुर मोड़ पर बैठक की। बैठक के बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए नगर पालिका के सामने और गांधी चौराहे पर सड़क जाम की। भाकियू कार्यकर्ताओं ने मोहल्ला ठठराही का खराब नलकूप ठीक कराने की मांग उठाई। करीब आधे घंटे तक रोड जाम रही। समस्याओं का निस्तारण कराने का आश्वासन मिलने के बाद यहां से गांधी चौराहा पहुंचकर जाम लगाया।
जाम की सूचना पर कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ पहुंचे। नेताओं विभिन्न समस्याओं का निस्तारण कराने की मांग की। समस्याओं से संबंधित कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गजेंद्र द्विवेदी, अशोक उत्तम, रामसहाय पटेल, नवल सिंह पटेल, दिनेश शुक्ला, नसरत, मोहित, अहमद, हीरालाल, राहुल, ममता गुप्ता और सावित्री देवी आदि मौजूद रहे।