सीएचसी में स्वास्थ्य मेला का फीता काटकर शुभारंभ करते जहानाबाद विधायक राजेंद्र पटेल एवम बिंदकी व
- फोटो : FATEHPUR
अमौली/बहुआ। अमौली और बहुआ में लगे स्वास्थ्य मेलों में 2773 मरीजों का मुफ्त में स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं दी गईं।
अमौली में जहानाबाद विधायक राजेंद्र पटेल और बिंदकी विधायक जयकुमार सिंह जैकी ने फीता काटकर सीएचसी में स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ किया। मेले में कुल 1380 मरीजों का परीक्षण कर दवा दी गई। 62 गोल्डेन कार्ड बनाए गए।
बाल विकास परियोजना के स्टाल में पांच महिलाओं की गोद भराई और पांच बच्चों का अन्नप्रासन कराया गया। सर्जन डॉ. सुनील, डॉ. सुधीर हड्डी रोग विशेषज्ञ, डॉ. जुमेर अहमद, डॉ. ललित प्रताप, डॉ. पुष्पेंद्र होम्योपैथ, डिप्टी सीएमओ डॉ. मनोज कुमार आई सर्जन ने मरीजों का परीक्षण किया। बिंदकी विधायक जय कुमार सिंह जैकी ने कहा कि डाक्टर भगवान का रूप होते है उनकी सेवा से ही असाध्य बीमारी से लोगों की जान बचती है। जहानाबाद विधायक राजेंद्र पटेल ने जन कल्याणकारी योजनाओं को गरीबों तक पहुंचाने में सहयोग करने की बात कही। चिकित्साधीक्षक डा. पुष्कर कटियार ने दोनों विधायकों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। मेले का संचालन उमेश त्रिवेदी ने किया।
बहुआ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित स्वास्थ्य मेले में 1393 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। बाल विकास परियोजना की तरफ से युवक मंगल दल, महिला मंगल दल के सदस्यों को खेलकूद किट दी गई। अमृत महोत्सव मेले में विकास विभाग, शिक्षा विभाग, बाल विकास एवं परियोजना विकास ने स्टाल लगाकर विभाग से जुड़ी जानकारी दी। इस मौके पर चिकित्सा प्रभारी डॉ. विमलेश कुमार, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी रामआसरे, एडीओ पंचायत अनूप सिंह, ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक योगेश कुमार गुप्ता, डॉ. आभा श्रीवास्तव मौजूद रहीं।