फतेहपुर। आज से सड़क सुरक्षा सप्ताह शुरू होगा। सड़क हादसों में कमी लाने के लिए संभागीय परिवहन विभाग बुधवार से जागरूकता अभियान चलाएगा। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत विभाग को इस साल 10 प्रतिशत हादसों में कमी लाने का लक्ष्य दिया गया है।
एआरटीओ कार्यालय में सड़क सुरक्षा सप्ताह का बिंदकी विधायक करण सिंह पटेल, डीएम अपूर्वा दुबे, एसपी राजेंद्र सिंह प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे। उसके बाद परिवहन व्यवसाय से जुड़े ट्रक, बस, ऑटो यूनियन, रोडवेज के चालक और परिचालकों की एनजीओ के साथ बैठक कर जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा सप्ताह में चालकों को जागरूक किया जाएगा। प्रदूषण जांच केंद्र की चेकिंग, प्रदूषण फैलाने वाले की वाहनों की चेकिंग की जाएगी। वाहन चलाते समय मोबाइल प्रयोग ,सीट बेल्ट न लगाने वालों को वीडियो क्लिप दिखाकर जागरूक किया जाएगा।
प्रमुख बस स्टेशन पर चालकों, परिचालकों का हेल्थ कैंप में आंखों का परीक्षण कराया जाएगा। वाहन चालकों के लिए प्रशिक्षण होगा। प्रशिक्षण के बाद उनकी परीक्षा आयोजित की जाएगी। ओवरलोड, अवैध तरीके से वाहन संचालन पर कार्रवाई की जाएगी। जिससे हादसों में कमी लाई जा सकेगी।
एआरटीओ अरविंद त्रिवेदी ने बताया सड़क सुरक्षा सप्ताह में परिवहन, पुलिस, निर्माण एजेंसियों, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम किए जाएंगे।