असोथर। थाना क्षेत्र के टीकर गांव के पास शुक्रवार दोपहर बैंक के सामने बाइक सवार ने एक महिला को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
असोथर थाने के सराय खालिस निवासी तेजिया (56) पत्नी झूरी प्रजापति गांव से ग्रामीण बैंक टीकर शुक्रवार को गई थी। वह पासबुक में इंट्री कराने के बाद तेजिया रोड पार करने लगी।
इस दौरान असोथर से थरियांव की ओर से जा रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने महिला को टक्कर मार दी। वह रोड पर सिर के बल गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसा देखकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस से महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष डीडी सिंह ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।