चौडगरा। कल्यानपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह अनियंत्रित कार लोगों को टक्कर मारकर एक गुमटी में जा घुसी। हादसे में गुमटी में बैठे लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने चालक को पकड़ लिया।
उसकी पिटाई कर चार घंटे तक बंधक बनाए रखा। पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों व पुलिस के बीच झड़प हुई। इसके बाद कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा। तब जाकर मामला शांत हो सका। घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव पहरवापुर में रोड किनारे मोहनलाल गुटखा-पान की गुमटी रखे हैं। बिंदकी की ओर से शनिवार सुबह कार आ रही थी, जो अनियंत्रित होकर गुमटी में जा घुसी।
हादसे में गुमटी पर बैठे अजय (30), रामभजन (50), बुद्धराज (24), पिंटू (25), शर्मिंदा ( 22), प्रियंका (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने कार चालक को पीटकर बंधक बना लिया। एंबुलेंस से सभी घायलों को सीएचसी बिंदकी भेजा गया। जहां से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों से नोंकझोंक होने लगे।
पुलिस से चालक को छुड़ाने को लेकर चार घंटे झड़प चलती रही। मामला बढ़ते देख बिंदकी, औंग, कल्यानपुर, चौडगरा चौकी का फोर्स पहुंचा। झड़प के दौरान महिलाएं हाथ में पत्थर लेकर पुलिस की तरफ दौड़ी।
पुलिस ने लाठी पटक कर भीड़ को तितर-बितर किया। मौके पर पहुंचे सीओ बिंदकी योगेंद्र सिंह मलिक, तहसीलदार सर्वेश कुमार गौड़ ने परिजनों को समझाया कि घायलों का इलाज कराया जाएगा।
इसके साथ ही घायलों के परिवारों को खाने के लिए कोटे से राशन दिलाया जाएगा। इसके साथ ही कार चालक पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद परिजनों ने चालक को पुलिस के हवाले किया। थानाध्यक्ष अनुरुद्ध कुमार द्विवेदी ने बताया कि कार व चालक को थाने लाया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
पहरवापुर गांव में हांथ में पत्थर लेकर पुलिस से नोकझोंक करती युवती व अन्य। संवाद- फोटो : FATEHPUR