हसवा। थरियांव थाना क्षेत्र में मंगलवार रात श्रीस्वामी चंद्र दास नवयुवक रामलीला कमेटी हसवा के अध्यक्ष के साथ बदमाशों ने लूटपाट की। वह प्रतिदिन की तरह आंबापुर से घर लौट रहे थे। उन्होंने चौकी पुलिस के एक सिपाही पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हसवा कस्बे के रहने वाले नयन सिंह रामलीला कमेटी के 11 साल से अध्यक्ष है। एक शराब ठेकेदार के यहां मैनेजर का काम करते हैं। वह मंगलवार रात करीब 10 बजे आंबापुर से घर आ रहे थे।
हसवा चौकी के पास से कस्बा आने वाले रास्ते पर एक बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मार कर उन्हें गिरा दिया। इसके बाद तमंचा लगाकर पांच हजार रुपये और मोबाइल लूटकर भाग गए।
नयन सिंह ने बताया कि वह प्रतिदिन शराब दुकानों से रुपये लेकर घर आते हैं। दूसरे काम में व्यस्त होने के कारण मंगलवार शाम रुपये दुकानों से नहीं लिए थे। बताया कि बाइक सवार तीन बदमाश थे। बाइक से चाबी निकाल ली।
चोरों ने उनकी बाइक की डिक्की भी तोड़ी। घटना के बाद वह चौकी पहुुंचे। आरोप है कि शिकायत करने पर एक सिपाही ने उनके साथ अभद्रता की।
चौकी प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि मोबाइल की रसीद मांगी गई है, फिलहाल मैनेजर ने उपलब्ध नहीं कराई है। मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। जांच की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र भदौरिया ने बताया कि तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।