फतेहपुर। रूरा और अंबियापुर रेलवे स्टेशन के बीच शुक्रवार भोर मालगाड़ी के वैगन पटरी से उतरने से दिल्ली-हावड़ा रूट पर ट्रेनों का संचालन 23 घंटे ठप रहा।
इस बीच में 403 यात्री सफर नहीं कर सके। इन्हें रेलवे ने एक लाख 57 हजार 805 रुपये वापस किए। शुक्रवार को अप-डाउन की छह ट्रेनें रूट डायवर्ट करके निकाली गईं, जबकि तीन रद्द रहीं। शनिवार भोर तीन बजे ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ।
प्रयागराज मंडल के कानपुर टूंडला खंड के कानपुर देहात में अंबियापुर और रूरा स्टेशन के मध्य शुक्रवार भोर चार बजे मालगाड़ी के 24 वैगन पटरी से उतर गए। इसके चलते नई दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर ट्रेनों का संचालन ठप हो गया।
पटरी से उतरी मालगाड़ी दिल्ली से कानपुर आ रही थी। हादसे के कारण नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस, प्रयागराज-ऊधमपुर और संगम एक्सप्रेस शुक्रवार को रद्द रहीं।
वहीं, फतेहपुर आने वाली ट्रेनों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय (मुगलसराय), प्रयागराज होकर लखनऊ रूट से निकाला गया। दिल्ली से आने वाली ट्रेनों का भी रूट डायवर्जन किया गया। इन ट्रेनों को बरेली, लखनऊ, इटावा व टूंडला से होकर गुजारा गया।
रूट डायवर्जन करके निकाली गईं ट्रेनें
फतेहपुर। शुक्रवार भोर हुए हादसे का असर फतेहपुर स्टेशन पर दिखा। यहां रुकने वाली तीन ट्रेनें नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस, प्रयागराज-ऊधमपुर और संगम एक्सप्रेस निरस्त रहीं। इनके अलावा, डाउन कालका, डाउन मुरी एक्सप्रेस को प. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन मुगलसराय से डायवर्ट करके लखनऊ निकाला गया।
जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस को भतरपुर, आगरा वाया मुगलसरायं डायवर्ट किया गया। महानंदा एक्सप्रेस को गाजियाबाद से लखनऊ वाया प. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन मुगलसराय निकाला गया।
अप लाइन में हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस को मुगलसराय से मानिकपुर वाया आगरा डायवर्ट किया गया है। नंदन कानन एक्सप्रेस को कानपुर लखनऊ होकर डायवर्ट किया गया है।
अप लाइन में महानंदा एक्सप्रेस को मुगलसराय से लखनऊ वाया दिल्ली डायवर्ट किया गया। कालका एक्सप्रेस को मुगलसराय से लखनऊ वाया दिल्ली डायवर्ट करके निकाला गया।
मालगाड़ी के वैगन पटरी से उतरने के कारण ट्रेनों का संचालन बाधित रहा। जो यात्री सफर नहीं कर सके, उनके टिकट की धनराशि वापस कर दी गई है। शनिवार भोर तीन बजे से ट्रेनों का संचालन सामान्य हो गया है।- महेंद्र गुप्ता, रेलवे वाणिज्य निरीक्षक।