हसवा। जल निकासी के लिए पुल निर्माण की मांग कर रहे किसानों ने शनिवार को जीएमआर आफिस में हंगामा किया। कंपनी के जीएम को बंधक बनाकर अपनी मांग रखी।
जीएम एके बाजपेई ने सोमवार तक समस्याओं को हल कराने का आश्वासन दिया, तब किसानों का गुस्सा शांत हुआ। किसान सुबह 11 से दो बजे तक जीएम को बंधक बनाए रहे। किसानों की समस्या को हल कराने के लिए सपा नेता राजेंद्र लोधी व जिला पंचायत सदस्य मुनेश्वर सिंह पहुंचे।
शनिवार सुबह एकारी गांव के किसान जीएमआर यार्ड पहुंचे। जहां जीएम एके वाजपेई के सामने अपनी मांग रखी। ग्रामीण अधिक होने के कारण हंगामा होने लगा। किसानों का कहना था कि पिछले चार साल से फसल बर्बाद हो रही है।
इसकी जिम्मेदारी कंपनी प्लांट की है। किसानों को कंपनी मुआवजा दें। कंपनी ने पुल की जगह पाइप डालकर पानी निकालने की व्यवस्था की है। ऐसे में बारिश का पानी गांव के पास जमा होकर खेतों में भर जाता है।
इस जलभराव से एकारी, मिचकी, फैजुल्लापुर, सराय सईद खां, मुगल चक, मदरियापुर के किसानों की फसलें खराब हो जाती हैं। जीएम ने खुद को बंधक देख एसडीएम से फोन पर बात करनी चाही, लेकिन फोन रिसीव नहीं हो सका।
जीएम एके बाजपेई ने सोमवार तक इस समस्या का हल निकालने की बात कही। किसानों के हंगामा की सूचना पर हसवा पुलिस चौकी प्रभारी भी पहुंच गए।
पुल का निर्माण कराना हमारे हाथ में नहीं है। यदि ग्रामीण डीएम से अपनी मांग रखें तो काम बन सकता है, लेकिन फिर वह कंपनी के उच्च अधिकारियों से बात करेंगे। सोमवार तक कोई न कोई विकल्प निकाला जाएगा। - एके वाजपेई, जीएम (जीएमआर)