धाता। विकास खंड धाता क्षेत्र के किशनपुर (ऐरई) गांव के कंपोजिट विद्यालय में सोमवार सुबह खाना बनाते समय लीकेज सिलिंडर में आग लग गई। जिससे विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।
रविवार करीब 11 बजे विद्यालय की रसोइया खाना बना रही थी। इस दौरान अचानक सिलिंडर में आग लग गई। यह देख शिक्षकों ने तुरंत बच्चों को स्कूल से बाहर कर दिया। इसके बाद अग्निशमन यंत्र से आग बुझाने के लिए दौड़े।
हालांकि गैस कम होने के कारण सिलिंडर में लगी आग खुद बुझ गई। जिससे सभी ने राहत की सांस ली। इसके बाद फिर से कक्षाएं शुरू हुई। जब सिलिंडर में आग लगी तो उस समय करीब 200 बच्चे स्कूल में मौजूद थे।
पूछताछ में पता चला कि गैस खत्म होने पर रसोइया ने सिलिंडर में लगे रेग्युलेटर से पाइप निकालकर दूसरे सिलिंडर पर लगे रेग्युलेटर में पाइप लगाया था। जबकि जिस सिलिंडर में गैस नहीं थी, उसका रेग्युलेटर खुला था। इस कारण जैसे ही गैस जली तो गैस खत्म हुए सिलिंडर में आग लग गई।