बहुआ। ललौली थानाक्षेत्र के बहुआ कस्बे में खाना बनाते समय बुधवार सुबह नौ बजे गैस सिलिंडर के रेग्युलेटर के नीचे लीकेज होने से आग लग गई।
आग ने कुछ ही पलों में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग से जलकर नकदी और गृहस्थी का सामान राख हो गया। किसी तरह रेग्युलेटर को बाहर निकाला गया। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।
थानाक्षेत्र के बहुआ कस्बे के आजाद नगर मोहल्ला निवासी खेमचंद्र निषाद उर्फ कल्लू निषाद की बहू लक्ष्मी देवी गैस चूल्हे में बुधवार सुबह खाना बना रही थी।
इस दौरान अचानक गैस सिलिंडर में लगे रेग्युलेटर में आग लग गई। आग ने घर में पड़े छप्पर को अपनी चपेट में ले लिया। परिवार के लोग चीखते हुए बाहर निकले, तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
इसके बाद पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू हुआ। लक्ष्मी के बेटे अनिल निषाद (20) ने किसी तरह सिलिंडर को बाहर निकाला और रेग्युलेटर बाहर निकाल कर फेंका। इसमें अनिल झुलस भी गया।
आग लगने के दौरान लक्ष्मी का बेटा सुजीत (1), बेटी रुचि देवी (15), उर्वशी देवी (8) भी फंसे थे। उन्हें भी सकुशल ग्रामीणों ने बाहर निकाला।
अनिल ने बताया कि आग लगने से कालोनी निर्माण के लिए रखे 25 हजार रुपये जल गए। इसके अलावा चावल, गेहूं, रजाई, गद्दे, कपड़े समेत गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना पर लेखपाल ज्ञानेंद्र कुमार मौके पर जांच करने पहुंचे।