फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाई को तिलक कर कलाई पर बांधा प्यार का संसार

विज्ञापन
गौतमनगर में अरू की राखी बांधने से पहले आरती करती बहन साक्षी। संवाद - फोटो : FATEHPUR
विज्ञापन
फतेहपुर। भाई-बहन के स्नेह के पर्व रक्षाबंधन पर बहनों ने भाइयों की कलाई में प्यार का धागा बांधा। भाइयों ने भी बहनों को रक्षा का वचन दिया। साथ ही उपहार भेंट किए। पूरे शहर में रक्षाबंधन उल्लास के साथ मनाया गया। रोडवेज बसों में हर साल की तरह रौनक दिखी और बहनों ने मुफ्त में सफर किया। मिठाई और राखी की दुकानों में दिनभर लोगों की भीड़ रही।
विज्ञापन

सावन की पूर्णिमा के दिन यानि रविवार को रक्षाबंधन का पर्व धूमधाम से मनाया गया। घरों में सुबह से ही तैैयारियां की गईं। सबसे ज्यादा जोश छोटे बच्चों में देखने को मिला। वह नये कपड़े पहन कर राखी बंधवाने के लिए उत्सुक रहे। इस दौरान छोटे भाइयों ने राखी बंधवाने के बाद बहनों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। वहीं, बहनों को नगद रुपये के साथ गिफ्ट में सामान दिए। बहनों ने भी रोली टीका लगाकर भाइयों को मिठाई खिलाई।
रोडवेज बसों में बहनों ने किया फ्री सफर
रक्षाबंधन पर्व पर रोडवेज बस अड्डा में सुबह से ही यात्रियों की भीड़ देखने को मिली। बांदा रूट पर यात्रियों को सफर करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बसों के इंतजार में लोग घंटों बैठे रहे। कानपुर-प्रयागराज रूट पर बसों के फेरे बढ़ाए गए। रविवार सुबह से ही रोडवेेज बस अड्डा में यात्रियों की भीड़ जुटने लगी। दिनभर भाई और बहनों की भीड़ बसों में रही। बसों में सीट न मिलने पर खड़े होकर सफर करने के लिए यात्री मजबूर रहे। बता दें कि शासन के निर्देश पर बहनों को चौथे साल रक्षाबंधन पर्व पर फ्री सफर कराया गया। एआरएम एमएल केशरवानी ने बताया कि 24 घंटे के लिए बहनों को फ्री सफर का आदेश हुआ है।
विज्ञापन

जेल में बंद भाइयों को 643 बहनों ने बांधी राखी
सलाखों के पीछे बंद भाइयों की लंबी उम्र की कामना लेकर बहनों की भीड़ कारागार पहुंची। जेल प्रशासन ने इंतजामों के बीच बहनों की भाइयों से मुलाकात कराई। जिला कारागार में बंद करीब 1600 बंदियों में 559 से मुलाकात करने 643 बहनें जिला कारागार पहुंचीं। कारागार प्रशासन ने मिलाई पर्ची के लिए चार काउंटर लगा रखे थे। पर्ची कटाने के बाद महिलाओं की कोरोना जांच कराई गई। इसके बाद उन्हें जेल में प्रवेश दिया गया। जेल के अंदर सामाजिक दूरी का पालन करते हुए बंदियों की मुलाकात कराई गई। कार्यवाहक जेलर अंजनी कुमार ने बताया मुलाकात सुबह आठ बजे से चालू की गई थी, जो शाम साढ़े पांच बजे खत्म हुई।
महिला बंदियों को फल और मिठाई बांटी
डीएम अपूर्वा दुबे और कुछ संगठन की महिलाएं शाम को जिला कारागार पहुंचीं। 69 महिला बंदियों से मुलाकात की। उन्हें रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं, फल व मिठाइयां दीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें