बहुआ। घरेलू कलह से परेशान एक महिला ने दतौली पुल से यमुना में छलांग लगा दी। नाविकों ने जान पर खेलकर महिला को बचाया।
गाजीपुर कस्बे के सोनारी गली निवासी शांती देवी (65) सोमवार सुबह करीब 11 बजे 22 किमी चलकर दतौली पुल पहुंची और रेलिंग के पास चश्मा, चप्पल व पर्स रखकर यमुना में छलांग लगा दी। लोगों ने दतौली पुलिस चौकी में सूचना दी। चौकी प्रभारी सत्यपाल सिंह, सिपाही शिवदत्त पांडेय, प्रकाश चौहान, निर्भय सिंह मौके
पर पहुंचे। बांदा जिले के जौहरपुर गांव के नाविक जयनारायण निषाद, रामगोपाल, चुन्नू निषाद को जब इसकी जानकारी हुई तो वह तुरंत नाव लेकर नदी में पहुंचे और करीब दो किमी दूर दतौली गांव के पास शांती देवी को सुरक्षित निकाल लिया। शांती देवी ने बताया कि उसके पति की 25 वर्ष पहले मौत हो चुकी है। इकलौता बेटा
जितेंद्र कुमार टेंपो चालक है। आरोप लगाया कि बेटा व बहू रचना देवी ने रविवार शाम मारपीट कर घर से निकाल दिया था। इसी कारण उसने यह कदम उठाया। शांती देवी को बहुआ पीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। थानाध्यक्ष योगेंद्र पटेल ने बताया कि महिला ने बेटे-बहू से तंग होकर नदी में कूदकर आत्महत्या का प्रयास करने की बात कही है। दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।