खखरेरू। चार युवकों ने बाइक सवारों को रोककर उनके साथ गाली-गलौज की और फिर बाइक में लगे तिरंगे झंडे का अपमान किया। भगवा गमछे को सड़क पर फेंककर उसे पैर से कुचला और अपमानजनक टिप्पणी की। घटना पौली गांव के पास हुई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
खखरेरू निवासी प्रदीप मिश्र, अमित विश्वकर्मा व राहुल चौधरी बाइक से रविवार को खागा आए थे। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे खखरेरू लौट रहे थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह जैसे ही पौली गांव में शेखपीर की मजार के पास पहुंचे तो बाइक से एक बकरी को मामूली टक्कर लग गई। यह देखते ही वहां मौजूद भुट्टो, कासिम व दो अज्ञात लोग आ गए और गाड़ी रोक ली।
आरोप है कि इन लोगों ने गाली-गलौज करते हुए बाइक में लगे झंडे व गले में पड़े भगवा गमछे को निकाल लिया और अपमानित किया। अपशब्द भी कहे। खुद को हिंदू संगठन से जुड़ा बताया तो गाली देते हुए हसिया व डंडा दिखाकर जानलेवा धमकी दी और जमकर पीटा। इससे वह जख्मी हो गए। तीनों युवक थाने पहुंचे और तहरीर दी। इंस्पेक्टर खखरेरू दीप नारायण सरोज ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश कराई जा रही है।