किशनपुर। रिश्तेदार को बाइक पर बैठाकर रारी गांव जा रहे एक किशोर की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा सरौली मोड़ के पास हुआ। पुलिस ने ट्रक को पकड़ लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिश्तेदार का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
खागा कोतवाली के बुदवन गांव निवासी दीपक यादव (17) पुत्र छोटे अपने बहनोई अवधेश यादव निवासी उलरमऊ थाना हथगाम के घर गया था। वहां से वह रविवारसुबह बहनोई के पिता श्यामलाल (70) को बाइक पर बैठाकर रारी गांव के लिए निकला। दूसरी बाइक पर अवधेश व रंजना थे। सुबह करीब 10 बजे सरौली मोड़ के पास एक गिट्टी लदे ट्रक को ओवरटेक करने में दीपक को टक्कर लग गई। वह ट्रक की तरफ जबकि पीछे बैठे श्यामलाल दूसरी दिशा में गिरे।
दीपक के ऊपर से ट्रक निकल गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने दीपक व श्यामलाल को तुरंत परिजनों के साथ हरदों अस्पताल भेजा। हरदो से दोनों को जिला अस्पताल लाया जा रहा था लेकिन रास्ते में दीपक की सांसे थम गईं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। श्यामलाल का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। बताया गया कि सभी लोग रारी गांव एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में जा रहे थे। किशनपुर इंस्पेक्टर शेर सिंह ने बताया कि ट्रक को पकड़ लिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। मौके पर हेलमेट नहीं मिला है।