बहुआ में पिकेट पुलिस सोती रही और चोरों ने एक ही रात चार घरों व एक दुकान से लाखों का माल पार कर दिया। पुलिस की लापरवाही से इलाकाई लोग गुस्से में हैं।
ये घटनाएं शुक्रवार रात ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ में कृष्णानगर मोहल्ले के पश्चिमी इलाके में हुईं। यहां के रशीद ने बताया कि वह सपरिवार शादी समारोह में गए थे। घर का ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे और अलमारी से तीन तोले सोने के हार, ढाई सौ ग्राम चांदी की तोड़िया, दो तोले सोने के कान का झाला, दस हजार रुपये सहित करीब ढाई लाख का माल ले गए। इसी इलाके में अकील के घर से करीब पचास हजार रुपये कीमत के सोेने और चांदी के जेवरात, चार हजार रुपये, साइकिल समेत करीब 70 हजार का माल चोरी हो गया।
अकील के मुताबिक, परिवार के लोग सो रहे थे। चोर कमरे में दाखिल हुए और अलमारी का लॉकर तोड़कर माल समेट ले गए। पड़ोस में डीजे के शोरशराबे मेें वे खटपट नहीं सुन सके।
तीसरी घटना में चोरों ने हकीम के घर से चार हजार रुपये और साइकिल पार कर दी। इश्तियाक के घर से चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने की चेन, दस हजार रुपये, पांच सौ के पुराने नोट समेट ले गए। चोरों ने सत्तार राईन की जनरल स्टोर की दुकान का ताला चटका कर छोटे नोटों की नकदी से भरा गोलक और करीब एक लाख कीमत का सामान पार दिया।
घटनास्थल से पांच सौ मीटर दूर पुरानी पुलिस चौकी के पास पिकेट ड्यूटी लगती है। पीएचसी होने से अस्पताल में पूरी रात एंबुलेंस की आवाजाही रहती है।
इसके बाद भी बेखौफ चोरों ने वारदातें कर डालीं। एसओ श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि पुलिस रात में गश्त पर चली गई होगी, तभी मौका पाकर चोरों ने वारदातें की हैं। घटनास्थल की जांच कर ली गई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज होगी।