थरियांव थाना क्षेत्र के सचौली गांव में बुधवार रात को ठेकेदार के अंडर में काम करने वाले एक युवक ने घर के बाहर से मासूम का अपहरण कर लिया। भनक लगने पर ग्रामीणों ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है।
थरियांव थाना क्षेत्र के आमापुर हाइवे से हथगाम संपर्क मार्ग में सचौली गांव के पास इंटरनेट की लाइन बिछाने का काम चल रहा है। गांव निवासी रामबाबू का तीन साल का पुत्र संदीप घर के बाहर सो रहा था। ठेकेदार के अंडर में काम करने वाला एक कर्मी रात को गांव पहुंचा। उसने घर के बाहर सो रहे संदीप का अपहरण कर लिया।
उसी समय परिजनों की आंख खुल गई। उन लोगों ने चीख पुकार मचा दी। ग्रामीणों ने बच्चे को लेकर भाग रहे कर्मी को दौड़ा लिया। करीब तीन किमी तक पीछा करने के बाद उसको पकड़ लिया गया। ग्रामीणों की पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि उसने बच्चे का अपहरण अपने ठेकेदार के कहने पर किया था।
इस बच्चे की बलि दी जानी थी। ग्रामीणों ने पिटाई के बाद आरोपी को पुलिस हिरासत में दे दिया। एसओ सनुज यादव ने बताया कि आरोपी मलवां थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पूछताछ के बाद ही अपहरण की नीयत का पता चल सकेगा।