कस्बे में रविवार की रात चोरों ने एक सराफ की दुकान का शटर तोड़कर ढाई लाख के जेवर चोरी कर ले गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर सराफ व अन्य कारोबारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उधर लाखों की चोरी की जानकारी होने पर फिंगर प्रिंट टीम ने भी पहुंच गई और नमूने लिए। खागा सीओ ने कुछ सुराग हाथ लगने की बात कह कारोबारियों को जल्द खुलासे का भरोसा दिया है।
कस्बे के सिठौरा मोहल्ला में रहने वाले मदनलाल सोनी की बाजार मेें सराफ की दुकान है। वह रविवार की शाम आठ बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह छह बजे उन्हें लोगों से दुकान का शटर उठा होने की जानकारी मिली। जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि दुकान का शटर उठा था। अंदर दाखिल हुए तो काउंटर में रखे सोने और चांदी के आभूषण नहीं थे। सराफा की दुकान में चोरी होने की जानकारी पर बड़ी तादाद में व्यापारी नेता जमा हो गए और पुलिस को निष्क्रिय बताया।
आरोप लगाया कि रात में पुलिसिंग न होने से आपराधिक वारदातें होती हैं। इसके बावजूद पुलिस का ढर्रा नहीं बदल रहा है। एसओ गणेश प्रसाद ने बताया पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पड़ताल की है। फिंगर प्रिंट की टीम भी पहुंची थी। उसने अपने स्तर पर साक्ष्य जुटाएं हैं। भुक्तभोगी सराफ की तहरीर में करीब ढाई लाख का सामान चोरी जाने की बात बताई गई है। एफआईआर लिखकर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है। सीओ अतुल चौबे ने बताया कि पुलिस की टीमें लगाई गईं हैं। जल्द ही चोरी का खुलासा होगा।
बड़ी हो सकती है चोरी
फतेहपुर। खखरेरू में सराफ की दुकान में हुई चोरी काफी बड़ी हो सकती है। यह बात दिन भर चर्चा का विषय बनी रही। पुलिस की मौजूदगी के बीच तमाम लोग ढाई लाख की चोरी को मामूली करार देते रहे। ऐसा माना जाता रहा है कि इनकम टैक्स के झमेले से बचने के लिए सराफ ने कम सामान चोरी जाने की बात बताई है।