चौक बाजार स्थित सर्राफ की दुकान से टप्पेबाज ने सोने की चेनों से भरा डिब्बा पार कर दिया। सर्राफ कारोबारी ने बताया कि टप्पेबाज पुलिस की वर्दी में था। दिनदहाड़े घटना से बाजार में हड़कंप मच गया।
कारोबारी ने कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल केके यादव ने बताया कि मामले की पड़ताल की जा रही है। चोरी गई चेनों की कीमत लगभग चार लाख बताई जा रही है।
सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष रामदास सोनी का हजारीलाल फाटक के पास बिहारी जी ज्वैलर्स दुकान है। दोपहर में रामदास दुकान में अकेले थे। कर्मचारी भी बाहर गए थे।
12 बजे के आसपास पुलिस वर्दी में एक अधेड़ दुकान में आया और लेडीज चेन दिखाने को कहा। उसने दो सोने की चेन पसंद की। पैकेट में चेनों का डिब्बा काउंटर पर छोड़कर सर्राफ पसंद की गई दोनों चेन का वजन करने लगा।
तभी चेन का एक पैकेट टप्पेबाज ने पार कर दिया और सर्राफ से मैडम को बुलाने की बात कह कर दुकान से बाहर आ गया। कुछ देर तक किसी के न आने पर सर्राफ ने चेनों के पैकेट डिब्बे में रख दिए।
एक पैके ट कम देखकर सर्राफ के होश उड़ गए। सर्राफ ने बताया कि पैके ट में 12 सोने की चेन थी। वजन लगभग डेढ़ सौ ग्राम और कीमत लगभग चार लाख रुपये है।
दिनदहाड़े सर्राफ की दुकान में वारदात से कारोबारियों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे कारोबारी राधेश्याम हयारण, रवी दुबे, सचिन रस्तोगी, संजय गुप्ता आदि ने कोतवाल से जल्द से जल्द चेनों की बरामदगी की मांग की है। उधर, कोतवाल ने बताया कि घटना सर्राफ की लापरवाही के कारण हुई है।
मामले की पड़ताल की जा रही है। पीड़ित कारोबारी ने बताया कि शातिर पुलिस की वर्दी में रहा है, इससे उनको घटना का अंदाजा नहीं था।