कस्बे में शनिवार को चोरी का माल खरीदने वाले दुकानदार की तलाश में आए एमपी के पुलिसकर्मियों को बदमाश समझकर भीड़ ने दौड़ा लिया। सूचना पर पहुंची थाने की पुलिस ने सुरक्षा में लेकर पुलिसकर्मियों को बचाया।
वाकया सुबह लगभग दस बजे का है। मध्य प्रदेश शहडोल जिले के काठगोदाम थाने के सहायक उप निरीक्षक आरडी गौतम और भाटी हरवार टीम के साथ प्राइवेट वाहन से सादे कपड़ों में आए थे। उनके साथ लूट और चोरी का एक आरोपी भी था, जो मुंह बांधे था। पुलिस आरोपी की निशानदेही पर चोरी का माल खरीदने वाले दुकानदार की तलाश बाजार में कर रही थी। इस दौरान ये लोग सुनारों की दुकान पूछ रहे थे। कई लोगों से यह पूछने पर भीड़ को शक हुआ कि कहीं बदमाश तो नहीं हैं, इससे दौड़ा लिया।
100 नंबर की सूचना पर लोकल पुलिस पहुंची। वह मध्य प्रदेश पुलिस कर्मियों को लेकर थाने पहुंची तो पीछे से भीड़ भी पहुंच गई। वहां पर सहायक उपनिरीक्षक आरडी गौतम ने बताया कि लूट और चोरी के मामले में चित्रकूट जिले के बरगढ़ (कटैंया डाडी) गांव निवासी दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। रिमांड पर लेकर एक आरोपी को लूट के माल की बरामदगी के लिए पहले कर्वी (चित्रकूट) भी गए थे। यहां भी आए थे। एसओ धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि भीड़ ने गलतफहमी में पुलिसजनों को घेर लिया था। बाद में पता चलने पर हट गए। टीम ने यहां से कोई बरामदगी या गिरफ्तारी नहीं की है।