धाता(फतेहपुर)। थाना क्षेत्र के गलेहरा नहर पुलिया के पास बुधवार भोर पहर वाहन चोर गिरोह के मास्टरमाइंड को दबोचकर गैरजनपदों से चोरी बाइकों को बरामद किया है। पुलिस ने शातिरों के सहआरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू की है। पुलिस को दो माह पहले घटी एक चोरी की घटना से शातिरों का सुराग मिला है।
धाता थानेदार आनंद कुमार सिंह ने साबिर ऊर्फ शब्बीर पुत्र जलील निवासी सालेपुर थाना करारी जिला कौशांबी को गिरफ्तार किया है। वह चोरी की हीरो हांडा सीडी डीलक्स बाइक से कस्बे में भोर पहर घूमते पुलिस के हत्थे चढ़ा है।
पुलिस ने आरोपी से कड़ी पूछताछ की। एसओ ने बताया कि आरोपी साबिर ने खसेरवा गांव से दो माह पहले शारदा प्रसाद के घर से बाइक, मोबाइल और दस हजार रूपये चोरी किये थे।
पुलिस उस मोबाइल को ट्रैस करने में जुटी थी। जब आरोपी पकड़ा गया तो उससे मोबाइल बरामद हो गया। इससे पुलिस को आरोपी के खिलाफ ठोस सुराग मिल गया।
कड़ी पूछताछ के दौरान रमपुरवा गांव से नलकूप के कमरे में डंप चोरी की पांच बाइक बरामद कराई। इस तरह से पुलिस को छह बाइकें चोरी की बरामद हुईं। दो बाइकें कौशांबी, चित्रकूट की एक, इलाहाबाद की एक होने पुष्टि हो गई है।
आरोपी का दूसरा साथी आकाश पटेल पुत्र नंदन निवासी मकंधा थाना सराय अकिल कौशांबी को एक जनवरी को कौशांबी पुलिस के हत्थे चढ़ा था। उसके खिलाफ छह चोरियों के मामले दर्ज हुये हैं।
पुलिस को बाकी दो अन्य कौशांबी के ही आरोपियों की तलाश है। चारों शातिर बाइक चोरों के गैंग को साबिर ही चला रहा था। एसपी विनोद कुमार सिंह ने गुडवर्क के लिये थाना पुलिस और सर्विलांस टीम को पांच हजार का नकद पुरस्कार दिया है।