ट्रैक पर खड़े होकर मालगाड़ी से कट गए युगल
फतेहपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के दुर्गा मंदिर के पास गुरुवार की रात करीब साढ़े नौ बजे युगल ने मालगाड़ी से कटकर आत्महत्या कर ली। जीआरपी व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। युवक की जेब से मोबाइल और युवती की जेब से आधार कार्ड मिला है। इसी से पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्गा मंदिर के पास युवक और युवती रात में बातें करते हुए घूम रहे थे। अचानक मंदिर के सामने अप लाइन पर मालगाड़ी को आता देेख दोनों ट्रैक पर खड़े हो गए। युवक ट्रैक के बाहर छिटक कर दूर जा गिरा। युवती कटकर क्षतविक्षत हो गई। सूचना पर हरिहरगंज चौकी इंचार्ज ब्रह्मदत्त गोस्वामी मौके पर पहुंचे।
छानबीन में युवक की पहचान गाजीपुर थाना क्षेत्र के चुरियानी गांव निवासी ननकू के बेटे अर्जुन (22) के रूप में हुई है। युवती के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान कोतवाली क्षेत्र के मिठनापुर गांव निवासी गोपाल की बेटी कल्पना देवी (19) के रूप में हुई। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि दोनों करीब नौ बजे रात
को रेलवे लाइन के आसपास घूमते दिखे थे। पुलिस अपनी जांच में प्रथम दृष्टया दोनों को प्रेमी युगल मान रही है। लड़के के भाई धर्मेंद्र ने बताया कि शाम करीब चार बजे घर से अर्जुन कहीं बाहर जाने की बात कहकर निकला था। वह अहमदाबाद में स्टील फैक्ट्री में कर्मचारी था। तीन दिन पहले ही गांव लौटा था। उसके अचानक जाने से सभी
हैरान हो गए थे। करीब एक घंटे बाद उसका फोन मिलाया तो उसने शहर में होने के बारे में बताया था। रात होने पर चिंता होने लगी थी। तीन बार बातचीत हुई थी। वह लोग लड़की को नहीं पहचानते हैं। पहले कभी लड़की को देखा भी नहीं है। उधर, पुलिस लड़की के परिवार को सूचना देने के लिए प्रयास करती रही, लेकिन अभी उसके परिजन नहीं पहुंच सके हैं।
लड़की का शरीर हुआ क्षतविक्षत, लड़का ट्रैक से छिटक कर दूर गिरा
लड़के की मोबाइल से और लड़की की आधारकार्ड से हुई पहचान
अमर उजाला ब्यूरो