शिक्षामित्र से छींटाकशी में फंसे शोहदे
युवती ने जड़े थप्पड़, पुलिस बुलाई, हुआ शांति भंग में चालान
गलती मानने और गिड़गिड़ाने पर युवती ने नहीं दर्ज कराई रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। शिक्षामित्र पर छींटाकशी करना बाइक सवार दो शोहदों को महंगा पड़ गया। युवती ने सरेराह दोनों को थप्पड़ जड़े। इसके बाद पुलिस भी बुला ली। फंसता देख युवती को दीदी-दीदी कहकर गिड़गिड़ाने लगे। पुलिस ने दोनों का शांतिभंग में चालान किया। मामला थानाक्षेत्र के कसियापुर नहर पुलिया के पास का है।
शिक्षामित्र जहानाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह स्कूल से शुक्रवार को गांव लौट रही थी। कसियापुर नहर पुलिया के पास बाइक सवार दो शोहदे करीब पहुंचे और आगे बढ़कर शिक्षामित्र को रोक लिया। बाइक चलाने वाले ने छींटाकशीं अंदाज में बोला बाइक पर बैठ जाओ आगे छोड़ देंगे।
कई बार ऐसा कहने पर युवती को गुस्सा आ गया। उसने बाइक सवारों को रोका और दो-दो थप्पड़ जड़े। बाइक सवारों ने रौब दिखाना चाहा तो शिक्षामित्र ने 100 नंबर डायल कर पुलिस बुला ली। तब तक आसपास के लोग भी आ गए। इसी दौरान पुलिस भी आ गई और शिक्षामित्र से तहरीर देने को कहा।
इस पर दोनों शोहदे दीदी-दीदी कहते हुए छोड़ देने की मनुहार करने लगे। गलती मानने और दीदी कहने पर शिक्षामित्र ने तहरीर देने से मना कर दिया, लेकिन पुलिस दोनों को थाने उठा ले गई। उनका शांतिभंग में चालान किया है। थाना प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि आरोपी सत्यम और जगदीश को सबक सिखाने के लिए शांतिभंग में चालान किया गया है।