रामगंगा नहर में युवक का शव मिला
हत्या कर शव फेंके जाने की जताई जा रही आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के रामगंगा नहर में शनिवार को एक युवक का शव उतराता मिला। उसके हाथ, सीना व गला पर चोट के निशान, पैर में धारदार हथियार के घाव हैं। इसके अलावा शरीर का आधा हिस्सा काला पड़ा है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या मानकर रिपोर्ट दर्ज की है। पोस्टमार्टम से स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।
रतनखेड़ा गांव के पास से गुजरी रामगंगा नहर के पास यह शव बरामद हुआ। उम्र करीब 35 साल बताई जा रही है। पैंट और हाफ बनियान पहने युवक के गले में चोट के निशान देखकर ज्यादा शंका हुई है। घटना की खबर फैलते ही काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। ग्रामीण पप्पू सिंह ने पुलिस को खबर दी।
सीओ पीयूषकांत राय, थाना प्रभारी गणेश प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। कोई भी शव को पहचान को नहीं आ सका। कीड़े लगने की वजह से शव तीन दिन से ज्यादा होने का कयास लगाया जा रहा है। सीओ ने बताया कि मामले में हत्या की एफआईआर दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।