झुलसी युवती ने दम तोड़ा
पति समेत चार ससुरालियों पर दहेज हत्या की रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। थाना क्षेत्र के बिझौली गांव में संदिग्ध हालात में झुलसी हबीबुन निशा की बुधवार की रात कानपुर के हैलट में मौत हो गई। मायके पक्ष के आरोप पर पुलिस ने ससुराल के चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
मलवां थाना क्षेत्र के जैनपुर गांव निवासी हबीब की बेटी हबीबुन निशा (22) का 12 अप्रैल 2015 को बिझौली गांव के अली बहादुर से निकाह हुआ था। मंगलवार को हबीबुन संदिग्ध हालात में झुलस गई थी। अली बहादुर ने बताया था कि मामूली विवाद के चलते खुद आग लगा ली। मायके वालों ने जला देने का आरोप लगाया था।
हबीब ने पुलिस को बताया कि इलाज के दौरान बुधवार को बेटी की कानपुर के हैलट में सांसे थम गईं। हबीब ने आरोप लगाया कि दामाद अली बहादुर और ससुराल वाले एक माह से 75 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। ससुराल वालों को 50 हजार रुपये दिए थे। इसके बाद 25 हजार की मांग कर रहे थे।
मांग पूरी न होने के कारण उसकी बेटी को आग लगाकर मारने की कोशिश की थी। ग्रामीणों ने बचाकर जिला अस्पताल पहुंचाया था। हालत गंभीर देखकर डाक्टरों ने कानपुर रेफर किया था। थाना प्रभारी सीबी सिंह ने बताया कि पति हबीब, ससुर सिरताज अली, जेठ अकबर, सास ननकी के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।