बकेवर। थानाक्षेत्र के जरारा गांव के नीरज उर्फ नीरू उत्तम (32) हत्याकांड में शुक्रवार को पुलिस ने नामजद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया। पुलिस ने उनके पास से नीरज का लूटा मोबाइल, नगदी और हत्या में इस्तेमाल हुए ब्लेड को बरामद किया है।
रक्षाबंधन के दिन नीरू कानपुर के प्रेमपुर में रहने वाली बहन के घर गांव के छोटेलाल कोरी को लेकर उसकी बाइक से निकला था। रास्ते में छोटेलाल ने गांव के नीरज कुशवाहा उर्फ कल्लन को भी साथ ले लिया था। दोनों ने मिलकर कानपुर के सुंदरपुर में नीरू की रकम लूटने के बाद हत्या कर दी थी। जिसके बाद 27 अगस्त को हत्यारोपियों की निशानदेही पर सुंदरपुर से नीरू का कंकाल बरामद हुआ था।
परिजनों ने कपड़ों से नीरू के शव की पहचान की थी। जिसके बाद बकेवर और साढ़ थाने की पुलिस परिजनों को सीमा विवाद में टरकाए रही। बकेवर पुलिस ने शुक्रवार को दोनों हत्यारोपियों को जेल भेजा है। पुलिस का दावा है कि सकुराबाद चौराहे से गिरफ्तार किया गया है। थानाध्यक्ष संगम लाल प्रजापति ने बताया हत्यारोपियों ने बताया है कि उन्होंने ब्लेड से नीरज का गला काटकर उसे मौत के घाट उतारा था।