बकेवर। थानाक्षेत्र के जरारा गांव के नीरज उर्फ नीरू उत्तम (32) की हत्या कर शव गायब करने के मामले में बकेवर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसके बाद पुलिस की टीम कानपुर के साढ़ थानाक्षेत्र जांच के लिए गई। दोनों आरोपी पुलिस की हिरासत में हैं।
रक्षाबंधन के दिन नीरू कानपुर के प्रेमपुर में रहने वाली बहन के घर गांव के छोटेलाल को लेकर उसकी बाइक से गया था। रास्ते में छोटेलाल ने गांव के नीरज कुशवाहा उर्फ कल्लन को भी साथ ले लिया था। नीरज को एक पुरानी बाइक भी खरीदनी थी और वह बाइक खरीदने के लिए 28 हजार रुपये लेकर घर से निकला था। यह बात छोटे लाल को पता थी। तभी उसने प्रेमपुर से लौटते समय कानपुर के साढ़ थानाक्षेत्र के सुंदरपुर के जंगल में बाइक रोकी।
नीरू की हत्या कर शव झाड़ियों में छुपा दिया था। बकेवर पुलिस ने छोटेलाल के दूसरे साथी कल्लन को भी हिरासत में लिया था। इसके बाद हत्यारोपियों की निशानदेही पर सुंदरपुर से नीरू का कंकाल बरामद किया था। परिजनों ने कपड़ों से नीरू के शव की पहचान की थी।
इसके बाद बकेवर और साढ़ थाने की पुलिस परिजनों को सीमा विवाद में टरका रही थी। एसपी के आदेश पर बकेवर पुलिस ने गुरुवार शाम मृतक के भाई दीपक उत्तम की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और शव छिपाने का मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष संगम लाल प्रजापति ने बताया नर कंकाल को डीएनए टेस्ट के लिए भेजा गया था। एफआईआर दर्ज की गई है। जांच के बाद कार्रवाई होगी।