धाता। गोकशी की सूचना पर पहुंची पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई। पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। जबकि दो को पुलिस ने खोजबीन कर पकड़ लिया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से तीन गोवंश और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले औजार पुलिस ने बरामद किए हैं। एसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार का इनाम दिया है।
सोमवार रात धाता पुलिस को सूचना मिली कि गलेहरा पुलिया से कल्यानपुर कचरौली नहर पटरी पर तीन युवक गोकशी करने की तैयारी कर रहे हैं। धाता पुलिस ने इसकी सूचना आला अधिकारियों को दी। इसके बाद धाता इंस्पेक्टर उपेंद्र राय, इंस्पेक्टर असोथर वीरेंद्र सिंह व एसओजी प्रभारी विनोद मिश्र टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी की। तभी एक आरोपी ने पुलिस पर फायर कर दिया। बदमाश जंगल की ओर भागे। दोनों पक्षों से कई राउंड फायरिंग हुई।
इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस टीमों ने कांबिंग कर दो और शातिरों को पकड़ा। मुठभेड़ की खबर पर पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, सीओ खागा जीडी मिश्र, इंस्पेक्टर खागा संतोष शर्मा मौके पर पहुंचे। घायल बदमाश को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का इनाम दिया है। जिस आरोपी को गोली लगी उसकी पहचान जावेद के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से तीन मवेशियों को मुक्त कराया है। इसके साथ ही औजार भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों का नाम व पता
शमीम निवासी पचीसा मजरे खैरई थाना खागा।
शानू निवासी पचीसा मजरे खैरई थाना खागा।
जावेद (गोली लगने से घायल) निवासी पचीसा मजरे खैरई थाना खागा।
जावेद व उसके साथियों पर हैं कई मुकदमे
पुलिस की फायरिंग में घायल हुए जावेद के खिलाफ कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ खखरेरू में लूट, हत्या का प्रयास, बलवा, धोखाधड़ी, आर्म एक्ट, मादक पदार्थ अधिनियम, खागा में चोरी, किशनपुर में एससीएसटी, कौशांबी जनपद के सैनी थाने में आर्म एक्ट समेत कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। इसी तरह से शमीम के खिलाफ खागा में डकैती, लूट व शानू के खिलाफ खागा में विस्फोटक अधिनियम का मामला दर्ज है।