बिंदकी। मवेशियों से भरी डीसीएम को रोकने पर चालक ने सिपाही को टक्कर मारकर घायल कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने डीसीएम को पकड़ लिया। घायल सिपाही को सीएचसी बिंदकी में भर्ती कराया। पुलिस ने 19 मवेशियों को मुक्त कराया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
सोमवार रात को नगर के ललौली चौराहे पर पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक डीसीएम को सिपाही सुबोध कुमार ने रोकने का प्रयास किया। डीसीएम चालक ने गाड़ी दौड़ा दी, जिससे सिपाही को टक्कर लग गई और वह घायल हो गया। मौके पर मौजूद अन्य सिपाहियों ने घेरकर डीसीएम को रोका।
घायल सिपाही सुबोध को सीएचसी बिंदकी में भर्ती कराया। पुलिस ने डीसीएम में नदी 19 भैंस को मुक्त कराया। पंकज निवासी मोहल्ला छिपहटी, फ़ियाजुल हसन निवासी चक हसनपुर थाना हथगाम और बराती उर्फ रईस निवासी चिल्ला जनपद बांदा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।