फतेहपुर। एसडीएम सदर नवनीत सेहरा ने ग्राहक बनकर गांजा खरीदा। इसके बाद पुलिस बुलाकर गांजा बेच रहे युवक को गिरफ्तार करा लिया। उससे 315 ग्राम गांजा बरामद हुआ है।
एसडीएम से शिकायत की गई कि मंडासराय में राणा सिंह अपने घर से गांजा बेचता है। इस पर एसडीएम और नायब तहसीलदार विकास पांडेय गांव पहुंचे। एसडीएम ने राणा सिंह के घर के पहले गाड़ी रुकवा दी। इसके बाद पैदल उसके घर पहुंचे। उन्होंने राणा सिंह से गांजा मांगा। पकड़े जाने से बेखबर राणा सिंह ने रुपये लेकर गांजा पकड़ा दिया। गांजा मिलते ही एसडीएम ने थरियांव थाने से फोर्स बुला लिया। अपने को फंसता देख राणा ने भी खुद को घर के अंदर बंद कर लिया और घर में रखे गांजे में आग लगा दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले गांजा जल चुका था। दरवाजा खुलवाकर घर की तलाशी ली गई तो एक कोने में छिपाया गया 315 ग्राम गांजा मिल गया। राणा सिंह के विरुद्घ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार कर लिया गया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है।