फतेहपुर। चिलचिलाती गर्मी में बिजली कटौती लोगों के लिए मुसीबत बनी है। गुरुवार शाम तेज हवा और हल्की बारिश से 65 गांवों की बिजली रातभर गुल रही। रात को गर्मी में लोगों को नींद नहीं आई। छत पर टहल कर बिजली आने का इंतजार करते रहे। शहर के आबू नगर उपकेंद्र की दोपहर में पांच घंटे बिजली गुल रही। इससे चिलचिलाती गर्मी में लोग बेहाल दिखाई दिए।
आबूनगर उपकेंद्र में दोपहर एक बजे 11 केवीए लाइन की केबिल में चिंगारी निकली। इससे जमीन पर पड़े सूखे पेड़ के पत्तों में आग लग गई और आपूर्ति बंद कर दी गई। इससे शहर के पटेल नगर, आईटीआई रोड, सिविल लाइंस, अस्ती, नई तहसील रोड, चित्रांश नगर, तांबेश्वर नगर समेत कई मोहल्लों की बिजली बंद रही। दोपहर की गर्मी में लोग बेहाल रहे। शाम छह बजे आपूर्ति बहाल हुइ तो लोगों ने राहत महसूस की। एसडीओ संजय कुमार ने बताया कि केबिल की चिंगारी से ट्रांसफार्मर में फाल्ट हो गया था। इसे सही कराकर आपूर्ति बहाल कराई गई है। थरियांव उपकेंद्र के मंडासराय फीडर में गुरुवार शाम तेज हवा और हल्की बारिश के दौरान फाल्ट हो गया।
शाम आठ बजे फीडर से जुड़े 65 गांवों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। इस फीडर से जुड़े थरियांव, लक्ष्मणपुर, शिवपुर, आलमपुर, चतुर्गुनपुर, मुसईपुर, सेमरइया, ओनहा, मलांव, चकीवा, मंडासराय, मुरांव, घूरी, सुकुई, सेमरा, सखियांव समेत अन्य गांवों की बिजली बंद रही। शुक्रवार सुबह 11 बजे फाल्ट सही होने पर आपूर्ति बहाल हुई। रात भर की बिजली कटौती से लोगों की नींद उड़ गई। अधिशासी अभियंता मेघ सिंह ने बताया कि उपकेंद्र से ग्रामीण क्षेत्र को जाने वाली फीडरों की अधिक दूरी होने के कारण रात में फाल्ट सही करना संभव नहीं था। इसलिए सुबह फाल्ट सही कराकर आपूर्ति बहाल करा दी गई।