बकेवर। एक लेखपाल का ऑडियो वीडियो वायरल हुआ है। इसमें वह कहते सुना जा रहा है कि खसरा खतौनी मुफ्त में नहीं बनती है। जबकि एक युवक किसान से खसरे की नकल जारी कराने के लिए एक हजार रुपये की मांग कर रहा है। मामला देवमई ब्लाक क्षेत्र के मिराई गांव के एक किसान से जुड़ा है। आरोपी लेखपाल ने इस संबंध में बात करने से मना कर दिया।
पीड़ित किसान का कहना है कि उसने खसरे की नकल के लिए पैसे दिए हैं। वायरल ऑडियो और वीडियो में सुन व देख सकते हैं कि लेखपाल अपने दलाल के माध्यम से किस तरह से भ्रष्टाचार कर रहा है।
ऑडियो और वीडियो वायरल हो जाने के बाद लेखपाल पर और भी गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। कुछ ग्रामीण तो बता रहे हैं कि बिना पैसे मुलाकात नहीं कर सकते। एसडीएम बिंदकी विजय शंकर तिवारी ने बताया कि ऑडियो और वीडियो अभी संज्ञान में नहीं है, यदि उन तक पहुंचता है तो सत्यता की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।