बहुआ। विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर हिम्मतपुर गांव के एक युवक ने चार लोगों से ठगी की। चार साल पहले दिए गए रुपयों से न तो उन्हें वीजा मिला और न ही उनकी रकम वापस हुई। रुपये मांग रहे युवकों ने शुक्रवार को थाने में शिकायत की है।
बांदा जनपद के पैलानी थानाक्षेत्र के बड़ागांव (ककरहा) निवासी राममिलन, ललौली थानाक्षेत्र के हिम्मतपुर गांव निवासी प्रकाश निषाद, पप्पू और शिवदास शुक्रवार को ललौली थाने पहुंचे। राममिलन की ओर से तहरीर देकर बताया गया कि हिम्मतपुर गांव के रहने वाले एक व्यक्ति ने उनसे चार साल पहले विदेश भेजने के नाम पर रुपये लिए थे और पासपोर्ट जमा करा लिया था।
इसमें राममिलन से 65 हजार, प्रकाश निषाद से 11500, पप्पू से एक लाख 60 हजार और शिवदास से 50 हजार रुपये लिए थे। रुपये लेने के बाद उसने वीजा दिलाने का वादा किया था। उसने भरोसा दिलाने के लिए राममिलन को मुंबई भी भेजा और वहां करीब एक महीने किराये पर रहने के लिए कहा।
राममिलन एक महीने तक अपने खर्च पर मुंबई में रहा लेकिन उसे वीजा नहीं मिला तो वह वापस गांव आ गया। आरोप है कि चार साल बीतने के बाद भी अब तक रकम वापस नहीं की गई। रुपये मांगने पर गाली-गलौज करता है। एसओ ललौली योगेंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर पर जांच कराई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।