फतेहपुर। संविदा कर्मियों के दो दिवसीय सामूहिक अवकाश पर जाने से कई क्षेत्रों में बिजली गुल रही। असोथर, थरियांव उपकेंद्र के फीडरों की आपूर्ति दिनभर बंद रही। विभागीय अधिकारियों ने ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों से फाल्ट सही कराया। बुधवार को भी संविदा कर्मी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे।
संविदा कर्मचारी संघ अपनी मांगों को लेकर सोमवार से हड़ताल पर चले गए थे। पहले दिन लखनऊ के शक्ति भवन में धरना प्रदर्शन किया। मंगलवार को सामूहिक अवकाश पर रहे। 18 नवंबर को उपकेंद्र के सामने संविदा कर्मी धरना प्रदर्शन करके अपनी मांगों का मुद्दा उठाएंगे। जिलाध्यक्ष अनिल कश्यप ने कहा कि संविदा कर्मचारियों को परिवार के साथ फोटो लगाकर पहचान पत्र जारी नहीं किया गया है।
इससे संविदा कर्मियों को परिवार के सदस्यों का इलाज कराने में दिक्कत होती है। सक्षम अधिकारियों द्वारा परिचय पत्र दिया जाए। अनुबंध की शर्तों के अनुुसार संविदा कर्मियों को सुरक्षा उपकरण नहीं दिए गए हैं। संविदा कर्मियों के सामूहिक अवकाश के कारण थरियांव के मंडासरांय फीडर की बिजली सुबह आठ बजे से शाम सात बजे तक बंद रही। असोथर के नरैनी फीडर के 11 केेवीए लाइन में फाल्ट हो गया। इस कारण सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।