फतेहपुर। केंद्र सरकार की मौद्रीकरण योजना के विरोध में रेलवे कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने केंद्र की नीतियों को मजदूर विरोधी करार देते हुए नाराजगी जताई।
सेंट्रल रेलवे इंप्लाइज संघ के महामंत्री आरपी सिंह के आह्वान पर संघ के पदाधिकारियों व कर्मचारियों ने केंद्र पर मजदूर विरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए रेलवे स्टेशन के बाहर झंडे व बैनर लेकर प्रदर्शन किया। पदाधिकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
संघ के सचिव कुलदीप यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मौद्रीकरण योजना के नाम पर रेल संपत्ति को सीज कर रही है। डीए, डीएआर एरियर का भुगतान नहीं किया जा रहा है। कहा यदि केंद्र ने यूनियन की मांग नहीं मानीं तो सभी स्टेशनों पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर विजय पाल सिंह, राम बिहारी, सुरेंद्र, राजू, रूपेश, स्वयंवर, संदीप, प्रवेश यादव, कलीम, हनीफ, राहुल, कमल यादव, सुशील और जयराम सहित तमाम कर्मचारी मौजूद रहे।