फतेहपुर। असंगठित श्रमिकों को शासन की योजनाओं का लाभ देने के लिए यूनिक आईडी कार्ड बनेंगे। कार्ड सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) केंद्रों के जरिए पंजीकरण कराने के बाद बनेंगे पंजीकरण निशुल्क होगा।
कार्ड बनते ही श्रमिक को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ मिलेगा और सालभर का खर्च सरकार उठाएगी। श्रमिक किस वर्ग का है, इसे सूचीबद्ध करते हुए सामाजिक सुरक्षा योजना व अलग से बजट का लाभ दिलाया जा सकेगा। श्रमिक की गतिविधियों यानी वह किस राज्य में काम कर रहे हैं, आसानी से पता किया जा सकेगा। आपदा के समय उन्हें आसानी से सहायता मिलेगी। जिला प्रबंधक शरद श्रीवास्तव ने बताया कि सीएससी पर यह सुविधा निशुल्क मिलेगी।
इस बात का रखना होगा ध्यान-
- पंजीकरण के लिए आवेदक की उम्र 16 से 59 के बीच होनी चाहिए। आवेदक का पीएफ और ईएसआई खाता नहीं होना चाहिए और न ही वह आयकर दे रहा हो। आवेदक किसी संस्था या संगठित समूह का सदस्य नहीं होना चाहिए। आवेदक के पास आधार कार्ड, बैंक का खाता, मोबाइल नम्बर होना चाहिए।
इस श्रेणी के लोग करा सकेंगे पंजीकरण
छोटे किसान, कृषि क्षेत्र में लगे मजदूर, पशुपालक, मछली विक्रेता, मोची, ईंट भट्ठा मजदूर, घरों में काम करने वाले, रेहड़ी, ठेलिया लगाने वाले, न्यूज पेपर वेंडर, कारपेंटर, प्लंबर, रिक्शा व ऑटो संचालक, मनरेगा वर्कर, दूध विक्रेता, स्थानांतरित लेबर, नाई, आशा वर्कर, चाय विक्रेता पंजीकरण करा सकते हैं।