औंग। गुजरात में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दोस्तों के शव गुरुवार को उनके घर पहुंचे। दोनों के शव आते ही कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का हाल-बेहाल है।
औंग थानाक्षेत्र के कृष्णापुर गांव के आलोक पाल (22) और कल्यानपुर थाने के बेनीखेड़ा गांव के राजकुमार पाल (25) टाइल कारीगर थे। दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी। मलवां थाना के गाजीखेड़ा गांव के धनीराम ठेकेदार है और उसी के साथ टाइल लगाने का गुजरात में काम करते थे। यह दोनों करीब तीन साल से गुजरात के भावनगर जनपद के धौड़ा में रहते थे। 28 सितंबर की शाम बाइक से लौट रहे थे, तभी खड़े ट्रैक्टर से टकराने से दोनों की मौत हो गई थी।
गुजरात में पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार को शव पहुंचते ही कोहराम मच गया। दोनों का अंतिम संस्कार शिवराजपुर गंगा घाट में किया गया। मृतक आलोक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। चार साल पहले उसके बड़े भाई की बीमारी से मौत हो चुकी है। एक साल पहले पिता की मौत हो चुकी है।
दूसरे नंबर के भाई अनुज के साथ मां शारदा गुजर बसर करती है। परिवार में आलोक की मौत से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बेनीखेड़ा गांव का राजकुमार पाल छह भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके पिता बुद्धिमान और अन्य भाई गांव में ही मजदूरी और कृषि कार्य करते हैं। राजकुमार की मौत से मां जय देवी और पत्नी सतरूपा बदहवास दिखीं। उसका एक तीन साल का बेटा अर्पित है।