फतेहपुर। अलग-अलग जगहों पर हुए हादसों में तीन की मौत हो गई जबकि नौ लोग घायल हो गए। मलवां थानाक्षेत्र के नेशनल हाईवे पर अल्लीपुर के पास बाइक सवार दंपति को ट्रक ने टक्कर मार दी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पति भी घायल हो गया। पुलिस ने चालक और ट्रक को पकड़ा है।
कल्यानपुर थानाक्षेत्र में एक अधेड़ की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हुई है। जबकि शहर के हरिहरगंज में ट्रेन से गिरकर एक अधेड़ की जान चली गई। दोनों की पहचान नहीं हो सकी है।
मलवां थानाक्षेत्र के असवार तारापुर निवासी अजीत कुमार अपनी पत्नी रानी देवी (30) के साथ गंगा पार गए थे। जहां से शुक्रवार को घर लौट रहे थे। अल्लीपुर के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। बाइक से महिला उछलकर हाईवे पर गिरी और ट्रक की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। बाइक चालक हेलमेट लगाए था।
कल्यानपुर थानाक्षेत्र के ममरेजपुर के पास गुरुवार रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से करीब 45 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की आसपास के लोगों से पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है। शिनाख्त का इंतजार किया जा रहा है। उधर, सदर कोतवाली क्षेत्र के हरिहरगंज रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार देर शाम ट्रेन से गिरकर करीब 50 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा। शिनाख्त नहीं हुई है।
वहीं, सदर कोतवाली क्षेत्र के पीरनपुर मोहल्ला निवासी मोहम्मद सलमान (23) दोपहर बाइक से जा रहा था। राधानगर एफसीआई गोदाम के पास सामने से आ रहे साइकिल सवार साजन निवासी रूरा कानपुर से टक्कर हो गई। दोनों घायल हो गए। ज्वालागंज मोहल्ला निवासी शानू (20) बाइक से हुसैनगंज थाने के भिटौरा के समीप पहुंचा था, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार शैलेंद्र कुमार निवासी बीसापुर हुसैनगंज से भिड़ंत हो गई। दोनों घायल हो गए।
उधर, मलवां थानाक्षेत्र के जखनी गांव निवासी राहुल (19) गांव के मंजेश (18) के साथ बाइक से बरौरा किसी काम से आ रहा था। बाइक सवार जैनपुर मोड़ के पास पहुंचे तभी सामने से ट्रेलर ने टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। कोतवाली क्षेत्र के बक्शपुर निवासी दीपक (30) बाइक से शहर आ रहा था।
तभी गांव के समीप अनियंत्रित होकर बाइक गिरने से वह घायल हो गया। हुसैनगंज थानाक्षेत्र के गोवर्धनपुर गांव निवासी रामबहादुर (25) बाइक से रिश्तेदारी में जा रहा था, तभी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घायल हो गया। गाजीपुर के बावारा गांव निवासी राजू साहू (18) बाइक से शहर आ रहा था।
किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। डाक्टर ने राजू की हालत गंभीर देखते हुए कानपुर हैलट रेफर किया है। पुलिस के मुताबिक बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे।
एक अन्य हादसे में ललौली थानाक्षेत्र के सिवरी मोड़ के पास पैदल घर जा रहे सूबेदार सिंह (65) को बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। एक पैर और जबड़ा टूट गया। घायल को एंबुलेंस से सीएचसी बिंदकी में में भर्ती कराया गया। हालात नाजुक होने पर डॉक्टर ने हैलट कानपुर रेफर किया है।