सहिली। तेज रफ्तार बाइक पीछे से ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल से कानपुर हैलट ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मलवां थानाक्षेत्र की सहिली चौकी क्षेत्र के असवार तारापुर निवासी फूलचंद्र पाल (30) किसान था। वह जाफरगंज थाने के बंझोलवा गांव ससुराल गया था। बाइक से रात को घर लौट रहा था। सहिली चौकी के पास उसकी बाइक पीछे से ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। हेलमेट न लगाए होने से फूलचंद्र के सिर में गंभीर चोटें लगीं। पुलिस ने जीप से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से डाक्टरों ने कानपुर हैलट रेफर कर दिया।
कानपुर ले जाते समय रास्ते में फूलचंद्र ने दम तोड़ दिया। आर्मी में तैनात मृतक के बड़े भाई सुभाष चंद्र ने बताया कि फूलचंद्र की शादी छह साल पहले हुई थी। पत्नी सारिका छह माह की गर्भवती है। फूलचंद्र पिता के साथ कृषि कार्य में हाथ बटाते थे। हादसे से मां जगरानी और पत्नी बदहवास हो गई। थानाध्यक्ष अरविंद सिंह ने बताया हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।