थरियांव। हाईवे पर हनुमानपुर मोड़ के पास सोमवार की रात लोडर की टक्कर से किराना दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद अनियंत्रित लोडर खंदक में गिरकर पलट गया। चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने लोडर कब्जे में लेकर थरियांव थाने में खड़ा करा लिया है।
टेक्सारी बुजुर्ग गांव निवासी नरेश बाबू (48) की थरियांव कस्बे में किराने की दुकान है। सोमवार की रात लगभग आठ बजे नरेश बाबू दुकान बंद कर साइकिल से घर जा रहे थे। उनके साथ दूसरी साइकिल से पड़ोसी दुकानदार जयप्रकाश लोधी भी थे।
हनुमानपुर मोड़ के पास पहुंचने पर जय प्रकाश लोधी सड़क के किनारे साइकिल खड़ी करलघुशंका करने चले गए। नरेश बाबू वहीं खड़े होकर इंतजार कर रहे थे। इसी बीच गलत दिशा से आ रहा लोडर नरेश बाबू को टक्कर मारते हुए खंदक में पलट गया।
लोडर छोड़कर चालक भाग गया। नरेश की हालत गंभीर देखकर जयप्रकाश ने उनके परिजनों को सूचना दी। परिजन घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने नरेश बाबू को मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर घर चले आए। मंगलवार की सुबह थाने में सूचना दी। थाना प्रभारी नंदलाल सिंह ने बताया रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।