कमालगंज (फर्रुखाबाद)। महिला ने दूसरी मंजिल पर बने कमरे में मंगलवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शाम को घर पहुंचे पुत्र ने मां को फंदे पर लटका देखा। बुधवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कस्बा के मोहल्ला अशोक नगर निवासी सोनी देवी(50) के पति वीरेंद्र गुप्ता की मौत करीब 20 वर्ष पूर्व हो गई थी। सोनी एक बीमा कंपनी में एजेंट थीं। उनका पुत्र आदित्य बीएससी का छात्र है। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे वह
कॉलेज गया था। घर पर सोनी अकेली थी। इसी दौरान सोनी ने दूसरी मंजिल पर बने कमरे में मेज की मदद से छत के कुंडे में रस्सी से फांसी लगा ली। शाम को घर पहुंचे पुत्र आदित्य ने मां को गायब देखा तो खोजबीन शुरू की। कमरे में मां को फंदे पर लटका देख जानकारी फोन पर बड़े भाई दिव्यांश को दी। रात करीब साढ़े 11 बजे आदित्य एंबुलेंस से मां को लेकर सीएचसी पहुंचा, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
बुधवार सुबह जानकारी होने पर परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। आदित्य ने थाने में तहरीर दी। आदित्य ने बताया कि उसकी बहन अनन्य देहरादून में नौकरी करती है। बड़े भाई दिव्यांश दिल्ली में पेपर देने गया था। कस्बा प्रभारी जितेंद्र सिंह पटेल ने अस्पताल पहुंचकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।