फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ग्रामीणों ने शव रखकर कलक्ट्रेट परिसर घेरा

विज्ञापन
कलक्ट्रेट में पकरिया गांव के ग्रामीणों को समझाते सीओ अमृतपुर अजेय शर्मा। संवाद - फोटो : FARRUKHABAD
विज्ञापन
फर्रुखाबाद। जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव पकरिया निवासी वृद्ध का शव रखकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट परिसर घेर लिया। आरोप लगाया कि धोखाधड़ी कर खेत का बैनामा कराने और कब्जे की धमकी से घबराकर वृद्ध की मौत हुई है। ग्रामीणों ने बैनामा वापस कराने और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। डीएम के आदेश पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा कर लिया गया।
विज्ञापन

गांव पकरिया निवासी दृगपाल सिंह (76) की गुरुवार को लोहिया अस्पताल में मौत हो गई थी। शुक्रवार सुबह पुत्र जगत प्रकाश, आदेश उनके रिश्तेदार व ग्रामीण सहित करीब 200 लोग कलक्ट्रेट पहुंचे और शव रखकर परिसर घेर लिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि स्कूल संचालक मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव घारमपुर निवासी अंजुम कुमार दुबे ने अजय अग्निहोत्री व उसके भाई विजय अग्निहोत्री के सहयोग से दृगपाल सिंह की वृद्ध पत्नी रामपोथी को आवास दिलाने का भरोसा देकर धोखे से छह बीघा खेत 29 सितंबर को बैनामा करा लिया था।
आवास न मिलने और खेत पर कब्जे का प्रयास होते देख शक हुआ तो रामपोथी ने दिल्ली में काम कर रहे दोनों पुत्रों को बुलाकर तहसील से जानकारी कराई। 26 नवंबर को बैनामा निरस्तीकरण के लिए न्यायालय में वाद दायर कर दिया। छह दिसंबर को डीएम व एसपी को प्रार्थनापत्र दिया। जानकारी होने पर स्कूल संचालक अंजुम दुबे 15 दिसंबर को अजय, विजय, प्रबल प्रताप और दो अज्ञात लोगों के साथ उनके घर पहुंचे और दृगपाल सिंह पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया। मुकदमा वापस न लेने पर पूरे परिवार की हत्या की धमकी दी और गालीगलौज की।
विज्ञापन

भयभीत दृगपाल सिंह सदमे में आकर बेहोश हो गए। गुरुवार सुबह लोहिया अस्पताल ले जाकर दृगपाल सिंह को भर्ती कराया गया। दोपहर डेढ़ बजे उनकी मौत हो गई। सिटी मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव व सीओ अमृतपुर अजेय शर्मा ने परिजनों से बात कर कार्रवाई का आश्वासन दिया और शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाने को कहा, लेकिन महिलाओं ने शव उठाने से मना कर दिया। कहा कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने और बैनामा वापस न होने तक परिसर में ही डटे रहेंगे। सिटी मजिस्ट्रेट ने परिजनों को डीएम के पास ले जाकर बात कराई।
डीएम संजय कुमार सिंह ने धोखाधड़ी सहित सभी आरोपों में मुकदमा दर्ज कराने का आश्वासन दिया। करीब दो घंटे की जद्दोजहद के बाद कलक्ट्रेट परिसर से शव उठाकर पोस्टमार्टम हाउस भेजा जा सका। सिटी मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव ने वृद्धा रामपोथी की ओर से तहरीर लेकर पुलिस को सौंप दी। जहानगंज थाने में अंजुम दुबे, अजय अग्निहोत्री, विजय अग्निहोत्री, प्रबल प्रताप व दो अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
सूत्रों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फेफड़ों व दिल की बीमारी से मौत होने की पुष्टि हुई है। उधर, स्कूल संचालक अंजुम दुबे ने बताया कि उन्होंने पूरे रुपये देकर बैनामा कराया था। लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद हैं। उनके खिलाफ साजिश की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें