एटा के ध्यानार्थ
फोटो- 31, 32, 33, 34
-ननिहाल में आया अनुराग उर्फ सुशील ट्रक चलाकर पालता था परिवार
-कस्बे से लौटते वक्त अलेपुर मोहल्ले में ओवरटेक के वक्त हुई दुर्घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
शमसाबाद(फर्रुखाबाद)। तेज रफ्तार लोडर ने बाइक को ओवरटेक कर टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। लोहिया अस्पताल में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि घायल चचेरे मामा को रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना के बाद पलटे लोडर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जनपद एटा थाना अलीगंज के गांव विजैदेपुर निवासी अनुराग उर्फ सुशील राजपूत (28) ट्रक चलाता है। वह रविवार को बाइक से मोहल्ला अलेपुर निवासी अपने मामा सतीश के घर आया था। दोपहर में सुशील चचेरे मामा रत्नेश और मोहल्ले के ही रिंकू राजपूत (19) के साथ कस्बे से काम कर बाइक से घर लौट रहा था। घर से करीब आधा किमी पहले मुख्यमार्ग पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने बाइक को ओवरटेक करके टक्कर मार दी।
इसमें सुशील, रिंकू व रत्नेश गंभीर रूप से घायल हो गए। लोडर खाई में पलटने से चालक कायमगंज के मोहल्ला अस्तवल सराय निवासी मोहम्मद इस्लाम दब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक सवार तीनों घायलों को सीएचसी भिजवाया। लोडर चालक को निकाला तो केबिन में कई शराब की पौव्वे मिले।
घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर कर दिया गया। लोहिया अस्पताल में सुशील को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि कुछ देर इलाज के बाद रिंकू ने भी दम तोड़ दिया। घायल रत्नेश को रेफर कर दिया गया है। बाइक चला रहे सुशील के हेलमेट न लगाए होने से चेहरे में गंभीर चोटें हैं। मामा सतीश ने बताया कि सुशील की ससुराल महमदपुर में है। उसकी पत्नी चांदनी उर्फ निर्दोष, मां रामदेवी व दो बच्चों में बेटी संजना और बेटा लब्बू हैं। रिंकू खेती में हाथ बटाता था। मां गुड्डी देवी, छोटा भाई सुरजीत व बहन मोहिनी, दुर्गा और सोनी का रो-रो कर बुरा हाल है। शव मोर्चरी में रखवा दिए गए हैं।