राजेपुर(फर्रुखाबाद)। आईटीआई के सामने आलू लदी ट्रैक्टर ट्राली में एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर ट्राली खड्ड में गिरी और उस पर सवार युवक की दबकर मौत हो गई। चालक सहित तीन लोग घायल हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जनपद शाहजहांपुर के थाना मिर्जापुर गांव राजेरायपुर निवासी सरजू (30) बुधवार को ट्रैक्टर ट्राली में आलू के पैकेट लादकर फर्रुखाबाद आ रहा था। ट्रैक्टर गांव का ही मुनीश चला रहा था। गांव के ही अमित मुनीम ट्रैक्टर पर बैठे थे।
रात आठ बजे ट्रैक्टर ट्राली आईटीआई कालेज के सामने से गुजर रही थी। गन्ना लदे ट्रक ने ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी।
चालक मुनीश, अमित व मुनीम ट्रैक्टर ट्राली पलटने के दौरान कूद गए। हालांकि वे घायल हो गए। सरजू की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सरजू के शव को निकलवाया।
जानकारी पर भाई रिंकू परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। सरजू की मौत पर परिजन बेहाल हो गए। पुलिस ने भाई रिंकू की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सरजू के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।