जहानगंज (फर्रुखाबाद)। घर से सामान व बकरी ले जा रहे चोर को महिला ने पकड़कर पुलिस की पीआरवी को इशारा किया। पुलिसकर्मियों ने पीआरवी की लाइट बंद कर चोरों को जाने दिया। महिला के बेटे ने रविवार को थाने में तहरीर देकर पीआरवी के पुलिसकर्मियों की शिकायत की।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास राहुल की दो दुकानें हैं। वह दुकान में ही मां और बहन के साथ रहता है। पास में खोखे में परचून का सामान बेचता है। शनिवार रात मां सरोजिनी व बहन अलका दुकान के बाहर लेटी थीं। राहुल खोखे के आगे चारपाई में सो रहा था। रात में चोर दुकान से बक्सा व दो बकरी ले जाने लगे। आहट होने पर सरोजनी की नींद खुद गई। उन्होंने चोर को पकड़ लिया।
सरोजनी के साथ मारपीट कर चोर बक्सा व बकरी ले जा रहे थे। इसी बीच पुलिस की पीआरवी निकली। सरोजनी ने पुलिस को इशारा किया लेकिन पीआरवी की लाइट बंद कर पुलिस आगे निकल गई। राहुल ने रविवार को पीआरवी के पुलिस कर्मियों पर आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी। एसओ देवेश कुमार ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को देख बर्तन छोड़कर चोर भागे
फर्रुखाबाद। शहर कोतवाली क्षेत्र में पीआरवी पर कमांडर सुमित शुक्ला, अजीत सिंह व चालक इंद्रजीत सिंह शनिवार रात गश्त पर निकले। लगभग दो बजे लकूला की से दो युवक पीतल की जंगाल में बर्तन भरकर आ रहे थे। पुलिस को देखकर दोनों बर्तन छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया लेकिन दोनों भाग गए। सिपाहियों ने बर्तन शहर कोतवाली के मुंशी सतीश चंद्र के सुपुर्दगी कर दिए। कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि पीड़ित के सूचना देने पर बर्तन सुपुर्द कर दिए जाएंगे।