फर्रुखाबाद। फर्जी किन्नर बनकर नेग मांगने के आरोप में दो किन्नरों ने युवक की पिटाई कर दी। इतना ही नहीं उसका सिर मुंडवाकर उसे कोतवाली लेकर पहुंचे। कोतवाली में हुए पंचायत में दोनों पक्ष समझौते के लिए राजी हो गए, लेकिन पुलिस कार्रवाई पर अड़ गई। इस पर किन्नरों की पुलिस से भी नोंकझोंक हुई। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए युवक व पिटाई करने वाले किन्नरों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।
बुधवार को फतेहगढ़ के जय नारायन वर्मा रोड पर एक घर बधाई बजाने आए किन्नर टीना और रूबीना को पता चला कि उनसे पहले कोई और नेग ले गया है। दोनों ने उसकी खोज की तो क्रिश्चियन इंटर कॉलेज के पीछे झाड़ियों के पास कपड़े बदलते हुए वह युवक उनके हाथ लग गया। टीना, रूबीना ने पहले उसकी पिटाई की, फिर सिर मुंडवाकर कोतवाली ले गए और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
इस बीच किन्नरों की गुरु सोनिया भी कोतवाली पहुंचीं और दोनों पक्षों के बीच पंचायत शुरू हो गई। मामला किन्नरों का देख कोतवाल जेपी पाल वहां से हट गए। कुछ देर बाद किन्नर समझौते के लिए राजी हुए तो पुलिस कार्रवाई पर अड़ गई। इसको लेकर भी किन्नरों की सिपाहियों से नोंकझोंक हुई। पुलिस ने बताया कि पकड़े युवक का नाम प्रमोद बाथम निवासी पाली है। प्रमोद के अलावा उसकी पिटाई करने वाली टीना व रूबीना किन्नरों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है।