अमृतपुर (फर्रुखाबाद)। कंचनपुर सबलपुर गांव के अवैध कब्जेदारों के हक में प्रदेश सरकार के मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने डीएम को चिट्ठी भेजी है। इसमें नियमानुसार जांच कर पट्टेदारों के साथ न्याय करने के आदेश दिए गए हैं। चार दिन से खेतों पर बैठे अवैध कब्जेदार राजस्व विभाग की टीम को कब्जे नहीं हटाने दे रहे हैं। कब्जेदार अधिकारियों पर पट्टे देने के एवज में रिश्वत लेने का आरोप लगा रहे हैं।
कंचनपुर सबलपुर गांव की 128 एकड़ भूमि पर 68 ग्रामीणों को फर्जी तरीके से पट्टे देने की जांच इमादपुर सोमवंशी की प्रधान सुमन गुप्ता व पूर्व प्रधान सुधीर गुप्ता की शिकायत हुई थी।
जांच में दो तत्कालीन एसडीएम, तहसीलदार, एसडीएम के पेशकार, रजिस्ट्रार कानूनगो, सहायक रजिस्ट्रार क़ानूनगो की भूमिका संदिग्ध पाई गई। मुकदमा दर्ज हो चुका है। करीब 15 दिन पहले सीडीओ की अध्यक्षता एडीएम, एसडीएम कायमगंज की टीम बनाई गई है। जिन लोगों को पट्टा किया गया था वह अभी तक जमीन पर काबिज हैं। दो दिसंबर को पैमाइश करने गई टीम को कब्जा करने वालों ने घेर लिया था। इसके बाद से वह खेतों पर ही बैठे हैं।
गांव के शिवकुमार के नाम भी पट्टा किया गया था। उन्होंने प्रदेश सरकार के मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य को पत्र लिखकर जांच की गुहार लगाई थी। मंत्री ने अधिकारियों को नियमानुसार जांच कर वैधानिक कार्रवाई के आदेश दिए हैं। शिवकुमार ने आरोप लगाया कि पट्टे देने के समय अधिकारियों ने लाखों रुपये लिए थे। रुपये ले लिए और अब जमीन भी छीनी जा रही है। न्याय न मिलने तक खेतों से नहीं हटेंगे।
एसडीएम प्रीती तिवारी ने बताया कि डीएम व एसपी के आदेश पर पैमाइश कराई जाएगी। सीडीओ एम.अरून्मोली ने बताया कि शीघ्र ही जांच पूरी कर रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी। मंत्री के पत्र के संबंध में डीएम संजय कुमार सिंह ने कहा अभी उन्हें पत्र नहीं मिला है। पत्र मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।